दिव्यांग युवती के लापता होने से परिजनों में चिंता, पुलिस ने जारी किया गुमशुदगी का इश्तेहार
रिपोर्ट: मदन मोहन, चंदौली। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम बसौली से एक दिव्यांग युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है और आमजन से भी उसके संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
लापता युवती की पहचान सुनीता पुत्री छोटेलाल कोल, निवासी हाल पता ग्राम बसौली, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुनीता 24 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस के मुताबिक लापता युवती का रंग सांवला, कद करीब 4 फुट 6 इंच है। वह दिव्यांग है और बोल नहीं पाती है। परिजनों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है, जिससे परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
पुलिस द्वारा गुमशुदगी का इश्तेहार जारी कर लोगों से सहयोग मांगा गया है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को सुनीता के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल परिजनों या चकरघट्टा पुलिस को सूचना दें।
सूचना देने के लिए संपर्क: पिता छोटेलाल कोल: 8960166280 चकरघट्टा थाना प्रभारी: 9140177762, 9454403181 जांच अधिकारी: 9450745575

