(ऋषभ सिंह)सोनभद्र,। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने रविवार को प्रभावी निवारक कार्रवाई करते हुए विंढमगंज और जुगैल थाना क्षेत्र से कुल 16 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था अभियान के तहत की गई।
विंढमगंज थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। मुड़ीसेमर गांव निवासी राजाराम कुशवाहा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि विपक्षियों ने उनकी भूमि पर बनी दीवार तोड़कर रास्ता बना लिया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार कर बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान कर न्यायालय भेज दिया।

वहीं जुगैल थाना पुलिस ने अलग-अलग विवादों में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक व्यक्ति को महिला से विवाद, चार लोगों को घरेलू विवाद तथा चार अन्य को ग्राम नेवारी में ग्राम प्रधान पति से हुए विवाद के मामले में शांति भंग की आशंका के आधार पर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपितों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

