सोनभद्र साइबर फ्रॉड में बड़ा खुलासा: भोपाल से तीन और गिरफ्तार, अब तक 8 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

सोनभद्र। में करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को और बड़ी सफलता मिली है। सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से साइबर फ्राड के मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के भोपाल से मुख्य तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजीकृत बैंक खाते में करीब 4 करोड़ से अधिक की संदिग्ध धनराशि प्राप्त होने के मामले में पुलिस ने भोपाल से तीन और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त समेत अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस जांच में 35 साइबर फ्रॉड शिकायतों के जरिए करीब 11 करोड़ 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला भी सामने आया है।

सोनभद्र में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस और सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जय कुमार पाण्डेय, राजेश पोद्दार और बब्बू प्रसाद प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हुंडई अमेज कार बरामद की है। एएसपी ऋषभ रुणवाल के अनुसार , समन्वय यानी JMIS पोर्टल के माध्यम से सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खातों की जांच की गई। इस दौरान साइबर फ्रॉड से संबंधित कुल 35 शिकायतों में करीब 11 करोड़ 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी की जानकारी सामने आई।

जांच में एक बैंक खाते में लगभग 4 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होने का मामला प्रकाश में आया। पुलिस के अनुसार, ट्रस्ट के संचालक हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश पाण्डेय ने ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर उसका खाता नंबर और एटीएम कार्ड मध्य प्रदेश के कुछ लोगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस जांच में आरोप है कि साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि ट्रस्ट के बैंक खातों में मंगाई जाती थी। इसके बदले ट्रस्ट के अध्यक्ष को 20 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था और शेष रकम आपस में बांट ली जाती थी।

जांच के दौरान धर्मोदय फाउंडेशन, बलसा कंस्ट्रक्शन एंड ट्रेडिंग एलएलपी, भूमित्रम इंडिया माइक्रो फाउंडेशन ट्रस्ट और राष्ट्रीय स्वराज फाउंडेशन समेत अन्य संस्थाओं के बैंक खातों में भी संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस इन संस्थाओं से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

इस मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में अब तक कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दूसरी कार्रवाई में दो अन्य वांछित अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़े, जबकि तीसरी कार्रवाई में भोपाल से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में 25 अक्टूबर को दबिश देकर इन तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया गया , फिलहाल, इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। संदिग्ध बैंक खातों और संबंधित संस्थाओं के वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर धोखाधड़ी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़िए