शबरोज़ मलिक पट्टन। जम्मू-कश्मीर के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके कौशल को निखारने और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय सेना ने मंगलवार को एसएसएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, परिहासपोरा, पट्टन में दो दिवसीय नॉर्थ कश्मीर यूथ कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ किया। ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘नई सोच, नई दिशा, नया कश्मीर’ रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना और उन्हें शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
कॉन्क्लेव में छात्र-छात्राओं, युवा प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों और विशिष्ट वक्ताओं की सहभागिता युवाओं के लिए नए विचारों और संभावनाओं के द्वार खोल रही है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, करियर निर्माण और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।
रोजगार मेले से युवाओं को मिलेगा करियर का मंच
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रोजगार मेला है, जिसके माध्यम से युवाओं को रोजगार की संभावनाओं से परिचित होने और विभिन्न करियर विकल्पों को समझने का अवसर मिल रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप भविष्य की राह चुनने के लिए प्रोत्साहित करना और रोजगारपरक अवसरों तक उनकी पहुंच को मजबूत बनाना है।
ऑपरेशन सद्भावना के तहत युवा सशक्तिकरण पर जोर
भारतीय सेना ऑपरेशन सद्भावना के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास, सामाजिक सहभागिता और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण से जुड़ी विभिन्न पहलों को बढ़ावा दे रही है। नॉर्थ कश्मीर यूथ कॉन्क्लेव भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, नए कौशल सीखने और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है।
दो दिवसीय यह आयोजन उत्तर कश्मीर के युवाओं को सकारात्मक संवाद, करियर मार्गदर्शन और रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने का मंच प्रदान करेगा। उम्मीद है कि इस पहल से युवा अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए व्यक्तिगत प्रगति के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

