कोन (सोनभद्र)। अपराध एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोन पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर की जा रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 94 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी अधिक बताई जा रही है।
पेट्रोल पंप के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना कोन पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर बगिया पेट्रोल पंप के आगे घेराबंदी कर जितेन्द्र विन्द उर्फ देवकी (निवासी खम्हरिया सोनवर्षा) को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बोरी से गांजे के 4 बंडल बरामद हुए। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक मोबाइल और 500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
गैंगस्टर और हत्या जैसे संगीन मामलों में रहा है शामिल
पकड़ा गया अभियुक्त जितेन्द्र विन्द एक शातिर अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर मिर्जापुर और सोनभद्र के विभिन्न थानों में हत्या (302), गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और लूट जैसे कुल 8 गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सराहना इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह, चौकी प्रभारी बागेसोती वीरेन्द्र वर्मा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

