बीजपुर/सोनभद्र : सोनभद्र पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना बीजपुर की साइबर टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक पीड़ित के साथ हुई ₹25,000 की ठगी की पूरी राशि उसके बैंक खाते में वापस करा दी है।
क्या था मामला?
एनटीपीसी कॉलोनी (थाना बीजपुर) निवासी गुरूचरन सिंह के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने ₹25,000 की धोखाधड़ी की थी। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल किया और NCRP पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मामला दर्ज होते ही बीजपुर पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित साइबर टीम ने तत्काल साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। पुलिस के त्वरित हस्तक्षेप के कारण ठगी गई राशि को बीच में ही होल्ड’ करा दिया गया। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद, आज पूरी राशि पीड़ित के मूल खाते में वापस भेज दी गई। थानाध्यक्ष बीजपुर ने आमजन से अपील की है कि यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो घबराएं नहीं। घटना के शुरुआती गोल्डन ऑवर’ पहले 1-2 घंटे) के भीतर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर दी गई सूचना से पैसा वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

