सोनभद्र : पिपरी थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना और सक्रियता का परिचय देते हुए पिछले 13 दिनों से लापता एक 11 वर्षीय बालक को हरिद्वार (उत्तराखंड) से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को उसकी दादी के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
क्या था पूरा मामला?
रेनुकूट के चाचा कॉलोनी (धरिकार मोहल्ला) की निवासी श्रीमती पनवा देवी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका 11 वर्षीय पोता शिवम (पुत्र स्वर्गीय दिनेश कुमार) बीते 19 मार्च 2026 की सुबह अचानक घर से कहीं लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद जब बालक का कहीं पता नहीं चला, तो वृद्धा ने 24 मार्च को पिपरी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मु0अ0सं0 48/2026 (धारा 137(2) BNS) के तहत मामला पंजीकृत किया और तलाश शुरू कर दी।
हरिद्वार बस स्टेशन से हुई बरामदगी पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में टीम ने लगातार दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। कड़े प्रयासों के बाद, पुलिस टीम ने 1 अप्रैल 2026 को बालक शिवम को हरिद्वार बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।
परिजनों को सौंपा गया
बरामदगी के बाद बालक को सुरक्षित वापस सोनभद्र लाया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी की और मासूम को उसकी दादी श्रीमती पनवा देवी के हवाले कर दिया। खोए हुए लाल को वापस पाकर दादी ने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। बरामदगी करने वाली जांबाज टीम: इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में निम्नलिखित अधिकारियों व कर्मचारियों की मुख्य भूमिका रही। हरेंद्र कुमार यादव निरीक्षक अपराध, थाना पिपरी, जितेन्द्र सरोज चौकी प्रभारी रेनुकूट, रामजीत यादव हेड कांस्टेबल, सुनील यादव कांस्टेबल शामिल रहे।

