सोनभद्र: पीआरवी ड्यूटी पर जाते समय टैंकर ने मारी थी टक्कर, वाराणसी ट्रामा सेंटर में ली अंतिम सांस
बभनी, सोनभद्र । जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए पीआरवी मोटरसाइकिल पर तैनात आरक्षी नीरज कुमार यादव की बुधवार सुबह उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना कारित करने वाले टैंकर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, पीआरवी 7708 मोटरसाइकिल पर नियुक्त आरक्षी नीरज कुमार यादव मंगलवार (12 मई) की शाम करीब 4:40 बजे एक इवेंट (सूचना) पर जा रहे थे। जैसे ही वह दरनखां तिराहा के पास पहुंचे, बभनी से आसनडीह की ओर जा रहे तेज रफ्तार टैंकर (संख्या UP65KT2466) के चालक ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए।
उपचार के दौरान हुई मृत्यु
घायल सिपाही को तत्काल सीएचसी बभनी ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल (लोढ़ी चुर्क) रेफर किया गया। स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें उसी रात वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद, बुधवार 13 मई सुबह करीब 08:54 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी चालक गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना बभनी पुलिस ने इस मामले में तत्काल मुकदमा धारा 109, 324(4), और 105 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी टैंकर चालक संदीप यादव पुत्र सेवाशंकर यादव (निवासी ग्राम कुशेरा, थाना भदोही, जनपद भदोही) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
शोक में डूबा पुलिस परिवार
आरक्षी नीरज कुमार यादव की असामयिक मृत्यु पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय सहित समस्त पुलिस अधिकारी व कर्मियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। जांबाज साथी को खोने का गम हर पुलिसकर्मी की आंखों में साफ दिखाई दे रहा था।

