लालमनी खरवार की मौत और 34 बकरियों की चोरी का मामला गरमाया, विधायक कैलाश आचार्य ने मांगी उच्चस्तरीय जांच

रिपोर्ट मदन मोहन (चंदौली)नौगढ़ थाना क्षेत्र के पंडी गांव में एक दिल दहला देने वाली और रहस्यमय घटना सामने आई है। गांव के ही रहने वाले लालमनी खरवार (बकरी पालक) की गांव से महज दो किलोमीटर दूर जंगल में बकरियां चराते समय संदिग्धावस्था में रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। घटना के वक्त उनकी सभी 34 बकरियां भी चोरी हो गईं। इस दोहरे आघात से उबरे भी नहीं थे कि बेटे के वियोग में दो दिन बाद उनकी वृद्ध माता सोमरी देवी का भी निधन हो गया।
एक ही परिवार में दो-दो मौतों और मवेशियों की चोरी की इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और शोक की लहर दौड़ पड़ी। विधायक कैलाश आचार्य ने की शोकाकुल परिवार से मुलाकात घटना की सूचना मिलते ही चकिया विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री कैलाश आचार्य जी तुरंत पंडी गांव पहुंचे। उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष नौगढ़ श्री सर्वजीत सिंह खरवार भी मौजूद रहे।
विधायक श्री कैलाश आचार्य ने शोकाकुल परिजनों के घर पहुंचकर गहरी शोक संवेदना प्रकट की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी और व्यक्तिगत सहयोग का भरोसा दिया।
उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच का आश्वासन लालमनी खरवार की संदेहास्पद मौत और उनकी बकरियों के चोरी होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की कड़ी मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस प्रशासन जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाए।
इस दुखद घड़ी में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

ये भी पढ़िए