चन्दौली पुलिस की बड़ी छापेमारी में 7 पुरुष और 2 महिलाएं गिरफ्तार, मुख्य संचालिका अमरावती देवी फरार
रिपोर्ट : मदन मोहन चन्दौली। पैसों का लालच देकर महिलाओं को अनैतिक देह व्यापार के धंधे में धकेलने वाले गिरोह का चन्दौली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मझवार स्टेशन से आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर शारदा अस्पताल के समीप एक मकान में चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया, जबकि मौके से सात पुरुषों और दो महिलाओं समेत कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, इस पूरे धंधे की मुख्य संचालिका बताई जा रही अमरावती देवी मौके से फरार हो गई। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवम्बर 2026 को क्षेत्राधिकारी चन्दौली सदर नागेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शारदा अस्पताल के पास स्थित एक मकान में बाहर से महिलाओं को पैसों का प्रलोभन देकर बुलाया जाता है और उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जाता है। इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई के जरिए गिरोह के सदस्य विलासितापूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे थे।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी ने प्रभारी निरीक्षक के साथ संयुक्त पुलिस टीम गठित की और बताए गए मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया तथा सात पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न कमरों एवं अलमारी से कुल 12,890 रुपये नकद, 734 पीस कंडोम, पीली एवं सफेद धातु के आभूषण, बैंक पासबुक, जमा पर्चियां और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार महिला आरोपियों की पहचान चंदा देवी (50 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय झप्पू, निवासी पांडेयपुर, वाराणसी कैंट तथा सावित्री देवी (50 वर्ष), पत्नी कटवारू पाल, निवासी परिवा, थाना सैयदराजा के रूप में हुई है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भी पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना चन्दौली में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, फरार मुख्य संचालिका अमरावती देवी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी चन्दौली सदर नागेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप, मारकण्डेय सिंह, संतोष कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, सिद्धार्थ सिंह, हेड कांस्टेबल रमेश यादव तथा महिला कांस्टेबल महिमा सिंह, रागिनी सिंह, रोशनी यादव, प्रीति सिंह, शीतला राव, ममता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
चन्दौली पुलिस की इस कार्रवाई को महिलाओं को शोषण के चंगुल से सुरक्षित निकालने और अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

