चंदौली। चंदौली पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 101 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 31 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) ने बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय से मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के चेहरे पर अपना फोन वापस पाकर खुशी साफ दिखाई दी। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की।
2026 में अब तक 519 मोबाइल बरामद
चंदौली पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 519 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस किए जा चुके हैं। इन मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.52 करोड़ रुपये है।
अभियान के तहत 3 मार्च को 75 मोबाइल, 20 अप्रैल को 121 मोबाइल, 3 जून को 111 मोबाइल, 28 जुलाई को 111 मोबाइल अब 8 सितंबर को 101 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
सकलडीहा पुलिस रही सबसे आगे
वर्तमान अभियान में सकलडीहा थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 19 मोबाइल बरामद हुए। इसके बाद मुगलसराय से 16, चंदौली से 13, बबुरी और धानापुर से 9-9 मोबाइल बरामद किए गए। चकिया, शहाबगंज और सैयदराजा से 6-6 तथा अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल बरामद किए गए।
मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में घबराएं नहीं। भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल के CEIR सिस्टम के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसे ट्रेस कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। साथ ही नजदीकी थाने अथवा पुलिस कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दें। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रूप से लिखकर रखें, ताकि गुम होने की स्थिति में मोबाइल की पहचान और बरामदगी में मदद मिल सके।

