जुताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा,चालक गंभीर रूप से घायल, बड़ा हादसा टला

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से चालक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि उबड़ खाबड़ जमीन होने के कारण ट्रैक्टर का पूरा वजन चालक पर नहीं पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार शिवकुमार (40) पुत्र स्व. रामावतार निवासी शाहपुर,आज सुबह लगभग 9 बजे गांव में ही सुरेश बैगा के खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि जुताई के दौरान खेत में गड़े मवेशी बांधने वाले खूंटे पर अचानक ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे शिवकुमार के ऊपर ही पलट गया।
दुर्घटना होते ही तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए बांस बल्ली के सहारे कड़ी मशक्कत कर ट्रैक्टर को उठाया और नीचे दबे शिवकुमार को बाहर निकाला।
ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल पहुंची 108 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज और चालक बंशी ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में पहुंचाया। डॉ. मनोहर सिंह के अनुसार, शिवकुमार के दाएं हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका सीएचसी दुद्धी में इलाज चल रहा है ।

ये भी पढ़िए