सोनभद्र। आगामी त्योहारों के मद्देनजर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने थाना पिपरी में मिशन शक्ति टीम के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। साथ ही महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति टीम को सक्रिय रूप से ड्यूटी करने को कहा। इसके अलावा आमजन को पुलिस की महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं एवं हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

