कोन पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी समेत तीन पशु तस्कर गिरफ्तार

(नसीम सिद्दीकी)कोन/सोनभद्र। सोनभद्र में छठ पूजा और झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान कोन पुलिस ने बुधवार को 25 हजार रुपए के इनामी और अन्तर्जनपदीय तीन पशु तस्कर को गिरफ्तार किया। चांचीकला पुल के पास चेकिंग के दौरान यह गिरफ्तारी की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। चांचीकला पुल के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेकिंग की जा रही थी। तभी एक कार तेजी से आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की। लेकिन उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कामरान के पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। बाबू पुत्र मोहन निवासी मचलहट्टा, रामनगर के पास से 1.4 किलोग्राम गांजा और पियुष सेठ निवासी मचलहट्टा, रामनगर के पास से 1.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के अनुसार, ये सभी शातिर अपराधी हैं। इन पर वाराणसी कैंट, चोपन समेत कई अन्य थानों में अपराध दर्ज हैं। कामरान पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह पशु तस्करी व बकरी चोरी जैसे अपराधों में लिप्त रहता था।

ये भी पढ़िए