सोनभद्र के रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 1031 अभ्यर्थियों को मिला नौकरी का ऑफर

50 से अधिक नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा, करीब 2500 युवाओं ने कराया प्रतिभाग; विधायक भूपेश चौबे ने किया वृहद रोजगार मेले का उद्घाटन

सोनभद्र। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से बुधवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) ग्राउंड, उरमौरा, राबर्ट्सगंज में जनपद स्तरीय एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। निजी क्षेत्र की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की। इस दौरान करीब 2500 अभ्यर्थियों ने रोजगार पाने के लिए प्रतिभाग किया, जिनमें से 1031 अभ्यर्थियों को कंपनियों की ओर से जॉब ऑफर प्रदान किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मेले में प्रमुख रूप से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (विजन इंडिया), फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल, टाटा मोटर्स (क्रास कार्प), आईसीआईसीआई बैंक (एनआईआईटी), एलएंडटी (सर्विस केयर), उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सोनभद्र, डिक्सन टेक्नोलॉजीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और सीपेट वाराणसी सहित 50 से अधिक कंपनियों ने सहभागिता की।
इन कंपनियों ने विभिन्न तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी और 1031 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर मिलना जिले के रोजगार प्रयासों के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
इस अवसर पर राज्य मंत्री के प्रतिनिधि, जनपद के अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों के साथ उप निदेशक (सेवायोजन) रविशेखर आनंद, सहायक निदेशक (सेवायोजन) अशोक कुमार प्रजापति, राजकीय आईटीआई राबर्ट्सगंज के प्रतिनिधि तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 50 से अधिक कंपनियों की मौजूदगी और एक ही दिन में 1031 युवाओं को नौकरी का ऑफर मिलना रोजगार मेले की बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया।

ये भी पढ़िए