बढ़ौली चौराहे से निकली जागरूकता रैली, हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने का दिया संदेश
सोनभद्र,। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह नवम्बर-2026 के तहत सोनभद्र पुलिस ने बुधवार को यातायात जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे से निकाली गई रैली को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रैली में यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने स्कूटी एवं मोटरसाइकिल के माध्यम से प्रतिभाग किया। रैली के जरिए लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता बताई। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में ड्राइविंग से पूरी तरह बचने की अपील की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने तथा यातायात संकेतों की अनदेखी करने से होने वाले हादसों के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया।
एसपी ने कहा- यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस के साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है।
यातायात माह के तहत सोनभद्र पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित सफर ही आपके परिवार की खुशियों की गारंटी है।

