रिपोर्ट : मदन मोहन, चंदौली। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी सलमान (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी 25 टन कोयला लदे ट्रक की लूट के मामले में लंबे समय से वांछित था और इस वारदात में उसकी मुख्य भूमिका सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंदौली कचहरी के पास घेराबंदी कर आरोपी सलमान को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ लूट, डकैती, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
25 टन कोयला लदे ट्रक को बनाया था निशाना
मामला 27 नवंबर 2024 का है। बिहार के रोहतास जिले से करीब 25 टन कोयला लादकर ट्रक संख्या BR01GF8742 सीतापुर के लिए रवाना हुआ था। पुलिस के मुताबिक 28 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुम्भापुर के पास बदमाशों ने ट्रक को लूट लिया था। मामले में वादी इम्तेयाज खान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सलमान की भूमिका सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
तीन जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी सलमान प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम मरखामऊ का निवासी बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ चंदौली, प्रयागराज और जौनपुर में लूट, डकैती, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से जुड़े नौ मुकदमे दर्ज हैं। जौनपुर के मड़ियाहूं थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, कांस्टेबल विजय त्रिपाठी और कांस्टेबल रनवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

