ओबरा (ऋषभ सिंह)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल CISF के पूर्वी क्षेत्र-2, प्रयागराज के उप महानिरीक्षक मनीष सिंह ने दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के दौरान ओबरा तापीय विद्युत परियोजना स्थित सीआईएसएफ इकाई की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना परिसर में तैनात सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने सीआईएसएफ आवासीय परिसर में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जवानों के बैरक, मेस एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा सैनिक सम्मेलन में बल सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य में सतर्कता, अनुशासन और आधुनिक रणनीति ही महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए तापीय विद्युत परियोजना की सुरक्षा को और अधिक अभेद्य बनाने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी मनीष सिंह ने ओबरा ‘स’ तापीय विद्युत परियोजना परिसर में नव निर्मित सीआईएसएफ अग्निशमन शाखा फायर स्टेशन का विधिवत लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर सीआईएसएफ यूनिट ओबरा के कमांडेंट सतीश कुमार सिंह तथा तापीय विद्युत परियोजना के महाप्रबंधक (सिविल) अजय कुमार राय सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह में सहायक कमांडेंट के. नारा, जी. टोप्पा, निरीक्षक सचिन कुमार निराला, महेश सिंह यादव, राकेश कुमार, हुपेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में सीआईएसएफ अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। डीआईजी के निरीक्षण और नए अग्निशमन स्टेशन के शुभारंभ से ओबरा तापीय विद्युत परियोजना की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


