डीएम-एसपी ने किया देर रात निरीक्षण, ड्रोन की ‘तीसरी आंख’ से विंध्यधाम पर कड़ी नजर

श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम दर्शन पर विशेष जोर

(राहुल गुप्ता)मिर्जापुर।चैत्र नवरात्र मेला-2026 के दौरान विंध्याचल धाम में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने देर रात मां विंध्याचल, अष्टभुजा और काली खोह मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। भीड़ प्रबंधन, मार्ग व्यवस्था और सुरक्षा बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

ड्रोन कैमरे से रखी जा रही पैनी नजर

मेला क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ‘तीसरी आंख’ यानी ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। पूरे विंध्यधाम परिसर, मोतिया झील और मां तारा देवी शक्ति पीठ पर ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।

तांत्रिक गतिविधियों पर भी सख्ती

मोतिया झील व मां तारा देवी मंदिर परिसर में तंत्र साधना के लिए आए लोगों पर भी पुलिस की विशेष नजर है। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त कराई जा रही है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन), अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन व थानाध्यक्ष विंध्याचल समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

ये भी पढ़िए