अनावश्यक आपत्तियां लगाकर फाइलें निरस्त कीं तो होगी कार्रवाई : डीएम

सोनभद्र,। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में उद्योग बंधु एवं व्यापारी बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा बैंकों में लंबित पत्रावलियों के निस्तारण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं बैंकर्स को निर्देश दिया कि पात्र उद्यमियों और व्यापारियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।


मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकर्स एवं एलडीएम को कड़े निर्देश दिए कि लाभार्थियों की पत्रावलियों पर अनावश्यक आपत्तियां लगाकर उन्हें निरस्त न किया जाए। किसी पत्रावली में कमी मिलने पर लाभार्थी को अवगत कराते हुए आवश्यक सुधार कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण पत्रावली निरस्त किए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित बैंकर्स के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उच्च स्तर पर भी पत्राचार किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बैंक शाखाओं में योजना से संबंधित बैनर एवं पोस्टर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को योजना की जानकारी मिल सके।
बैठक में जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों के लिए उपलब्ध बीमा सुविधा की जानकारी दी गई। बताया गया कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों को नियमानुसार दुर्घटना अथवा मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये तक का बीमा लाभ उपलब्ध कराया जाता है। जिलाधिकारी ने इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से चेक वितरित कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की भी समीक्षा की गई। डीएम ने पात्र किसानों को समय से लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। कंपनियों एवं उद्योगों से संबंधित लंबित पत्रावलियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण तथा पात्र उद्यमियों एवं व्यापारियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंकर्स तथा उद्योग बंधु एवं व्यापारी बंधु के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए