सीएचसी दुद्धी के अधीक्षक पद से डॉक्टर शाह आलम हटे, डॉ. वरुणा निधि को मिली जिम्मेदारी

(जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी, सोनभद्र। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के अधीक्षक पद पर तैनात डॉक्टर शाह आलम को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर डॉ. वरुणा निधि को सीएचसी दुद्धी का नया अधीक्षक बनाया गया है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच इसे स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।
सीएचसी दुद्धी की व्यवस्थाओं, मरीजों को बाहरी दवा लिखे जाने और बाहरी जांच से जुड़े आरोपों को लेकर पिछले कुछ समय से सवाल उठ रहे थे। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से अधीक्षक पद में बदलाव किए जाने की चर्चा है।
वहीं स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को भाजपा पदाधिकारियों की शिकायत से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि कार्रवाई के आधिकारिक कारणों को लेकर संबंधित विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
आदिवासी बाहुल्य दुद्धी क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब और ग्रामीण मरीज स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सीएचसी पर निर्भर हैं। ऐसे में अधीक्षक पद पर बदलाव के बाद लोगों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार, दवाओं की उपलब्धता और जांच व्यवस्था में पारदर्शिता की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी दवा, बाहरी जांच और निजी प्रैक्टिस से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि गरीब मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर उनका भरोसा कायम रहे।

ये भी पढ़िए