(जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी ब्लॉक के बीड़र गांव में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। मंगलवार सुबह समाजसेवी कार्तिक पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दुद्धी पावर हाउस पहुंचकर विभागीय कर्मचारियों से बिजली कटौती का कारण पूछा और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण घरेलू कामकाज के साथ खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के पावर हाउस पहुंचने पर विभागीय कर्मचारी राजेश पटेल ने बताया कि खेती का सीजन होने से विद्युत खपत बढ़ गई है, जिससे लोड बढ़ने के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई है। विभाग की ओर से समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं पावर हाउस पर मौजूद जेई राकेश कुशवाहा ने ग्रामीणों को जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद समाजसेवी कार्तिक पटेल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली नहीं आई तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान छोटे पटेल, अशोक कुमार, रामनरेश पटेल, शिवाकांत कुशवाहा, अनुराज पटेल, जावेद अहमद, अंकित पटेल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से कटौती की समस्या का स्थायी समाधान और बिजली बंद होने की स्थिति में समय से सूचना देने की मांग की है।

