मिर्जापुर। सोशल मीडिया के जरिए कम समय में अधिक लाभ का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं, लेकिन पुलिस की तत्परता से पीड़ितों को राहत भी मिल रही है। ताजा मामले में थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने एक युवक के साथ हुई ऑनलाइन ठगी की रकम वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है।
क्या है पूरा मामला?
घंटाघर, कोतवाली शहर निवासी गौरव केसरी पुत्र राजकुमार केसरी ने फेसबुक पर ‘Qutmozz’ नामक कंपनी का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। झांसे में आकर गौरव ने बताए गए खाते में ₹26,412 ट्रांसफर कर दिए। पैसा भेजने के बाद जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल 22 मार्च 2026 को साइबर पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने तत्परता दिखाते हुए 24 और 25 मार्च को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित के ₹26,000 उसके बैंक खाते में वापस आ गए।
टीम में शामिल रहे अधिकारी
सराहनीय कार्य करने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे:
दयाशंकर ओझा (थानाध्यक्ष, कोतवाली शहर) म.का. पारुल श्रीवास्तवा (साइबर सेल, कोतवाली शहर) सावधान रहने की अपील रकम वापस मिलने पर पीड़ित गौरव केसरी ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं, पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लुभावने विज्ञापनों और अज्ञात कंपनियों के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 डायल करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

