सोनभद्र: हाथीनाला में दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, केबिन में दबने से खलासी के कटे दोनों पैर

डाला (ऋषभ सिंह)सोनभद्र : हाथीनाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेणुकूट मार्ग पर मंगलवार की सुबह दो ट्रेलरों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि केबिन में दबने से खलासी के दोनों पैर कट गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी घंटों बाधित रहा।
ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 5:00 बजे रेणुकूट की ओर से दो ट्रेलर एक के पीछे एक आ रहे थे। हाथीनाला थाना तिराहे के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इस दौरान पीछे आ रहे ट्रेलर का चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे आगे वाले ट्रेलर में जा घुसी।
केबिन में फंसकर रह गया खलासी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान केबिन में सवार खलासी देवेश कुमार यादव (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र खुशी लाल यादव, निवासी पलरी (थाना शालीग्राम, जिला कन्नौज), अंदर ही दब गया। हादसे में देवेश के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए और मौके पर ही कट गए। घायल खलासी, ट्रेलर चालक अश्वेंद्र कुमार यादव का रिश्ते में भतीजा बताया जा रहा है।
पुलिस की मशक्कत से निकली जान
घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर घायल खलासी को बाहर निकाला। आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यातायात रहा घंटों बाधित
दुर्घटना के कारण हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर लंबा जाम लग गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मार्ग को डायवर्ट किया और वाहनों को दुद्धी मार्ग से निकाला गया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटाने के बाद कुछ घंटों की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

ये भी पढ़िए