सोनभद्र में संपत्ति के लालच में बुजुर्ग दंपति की हत्या, दो महिलाओं ने ओझा से मिलवाने के बहाने जंगल ले जाकर पहाड़ से दिया था धक्का, गिरफ्तार

सोनभद्र : राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। चार दिन पहले चेरूई के जंगल में 65 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 60 वर्षीय पत्नी के शव मिले थे।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के अनुसार, मृतक की पहचान अदलहाट निवासी नारायण और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। नारायण पिछले 25 वर्षों से अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। दंपती का एक बेटा संजय है। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। हालांकि पत्नी की मौत के बाद से वह मानसिक रूप से थोड़ा बीमार हो गया। वह 20 से 25 दिन पहले घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। दंपती अपने पूर्व परिचित रामपुर बरकोनिया के मऊ कला गांव निवासी ओझा के पास जानकारी लेने आए थे। उनका अपने पट्टीदारों से संपत्ति का विवाद भी चल रहा था।

संपत्ति हड़पने के लिए दिया वारदात को अंजाम

आरोपी महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने संपत्ति हड़पने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने लड़के को ठीक करवाने के लिए दंपती को ओझा से मिलवाने का बहाना बनाकर चेरूई के जंगल में ले गये और पहाड़ से धक्का दे दिया।

पुलिस ने बुधवार की रात मिर्जापुर जिला के अदलहाट थाना क्षेत्र के कोलना गाव निवासी मीना देवी और दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव निवासी रेखा को मारकुण्डी घाट से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, चौकी प्रभारी चेरूई उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

ये भी पढ़िए