कानून-व्यवस्था को लेकर एएसपी ऑपरेशन का शाहगंज थाने में निरीक्षण

सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सोनभद्र ऋषभ रुणवाल ने रविवार को थाना शाहगंज का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा प्रबंधों एवं जनसेवा संबंधी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, बैरक, मेस, मालखाना सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध रजिस्टरों, अभिलेखों एवं विभिन्न पंजिकाओं का परीक्षण करते हुए उनके अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।


अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया तथा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़िए