सोनभद्र। किसानों की समस्याओं के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए अगस्त माह की सिंचाई बंधु की बैठक 11 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। बैठक चौधरी चरण सिंह निरीक्षण गृह, बढ़ौली राबर्ट्सगंज में पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। अधिशासी अभियंता एवं सचिव सिंचाई बंधु, सोनभद्र ने बताया कि जनपद में सिंचाई बंधु की बैठक प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित की जाती है। अगस्त माह की बैठक श्री लाल बहादुर पाण्डेय, उपाध्यक्ष सिंचाई बंधु की अध्यक्षता में संपन्न होगी।
बैठक में किसानों से जुड़ी सिंचाई एवं अन्य समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि उनका गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अपेक्षित है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि 14 जुलाई 2026 को आयोजित पिछली बैठक में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की आख्या सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि लंबित मामलों की समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

