सोनभद्र। जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के जीरो टॉलरेंस अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब अनपरा प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय और उनकी टीम ने एक साहसिक मुठभेड़ के दौरान भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट का न केवल सफल अनावरण किया, बल्कि बदमाशों के मंसूबों को भी मिट्टी में मिला दिया। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और थाना प्रभारी की कार्यकुशलता की नई मिसाल पेश की है।
कुशल रणनीति और सटीक नेतृत्व बीते 27 मार्च को हुई लूट की घटना पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय ने घटना के दिन से ही साक्ष्यों को जोड़ने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने में दिन-रात एक कर दिया था। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और जमीनी इनपुट के आधार पर बदमाशों के मूवमेंट को ट्रैक किया, जिसका परिणाम 1 अप्रैल की रात हुई सफल मुठभेड़ के रूप में सामने आया।

मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ने शक्तिनगर थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे और एसओजी के सहयोग से कुबरी पहाड़ी के पास ऐसी घेराबंदी की कि शातिर लुटेरों को भागने का मौका नहीं मिला। जब बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू की, तो थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना डरे आत्मरक्षार्थ मोर्चा संभाला। इस मुठभेड़ में दो इनामी प्रवृत्ति के अपराधी घायल हुए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाकर पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय भी दिया।
घटना का मास्टरमाइंड और छात्र नेता भी गिरफ्त में
थाना प्रभारी की कड़ी पूछताछ और जांच का ही नतीजा है कि पुलिस ने घटना की साजिश रचने वाले पूर्व कर्मचारी चन्द्रेश यादव को भी धर दबोचा। पुलिस की इस दबिश का असर ऐसा रहा कि लूट में शामिल पूर्व छात्रसंघ महामंत्री धीरज यादव सहित पांचों अभियुक्त अब सलाखों के पीछे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई नगदी, टैबलेट, बायोमेट्रिक मशीन और अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।

जनता में बढ़ा पुलिस का विश्वास
इस सफल अनावरण के बाद अनपरा क्षेत्र की जनता और व्यापारी वर्ग में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय की त्वरित कार्रवाई और अपराधियों के साथ ‘ऑन द स्पॉट’ निपटने की रणनीति ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं।
उच्चाधिकारियों ने सराहा: पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने और बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम की पीठ थपथपाई है। थाना प्रभारी सत्येन्द्र राय के इस साहसिक कार्य की जिले भर में चर्चा हो रही है।

