सोनभद्र : “योग को बनाएं जीवन का हिस्सा, स्वस्थ रहें और तनावमुक्त रहें : एसपी अभिषेक वर्मा”

पुलिस लाइन चुर्क में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अधिकारियों व कर्मचारियों ने नियमित योग करने का लिया संकल्प


सोनभद्र। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन चुर्क में “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम के तहत सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रूणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी श्री रणधीर मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चुर्क सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाकर जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योग को नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनावमुक्त रहने तथा योग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह एवं अनुशासन का माहौल देखने को मिला।

ये भी पढ़िए