शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं अधिकारी : प्रभारी मंत्री

जल जीवन मिशन की पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर होगा स्थलीय सत्यापन, विद्यालयों के नियमित निरीक्षण पर जोर


सोनभद्र,। जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से निर्वहन किया जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला कार्यक्रम एवं बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की पेयजल आपूर्ति का होगा सत्यापन


प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि गांवों में जल जीवन मिशन के माध्यम से की जा रही पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन एवं जांच कराई जाए। इससे वास्तविक स्थिति का पता लगाने के साथ ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा सकेगा।


विद्यालयों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण


बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में भवन, कक्ष सहित आवश्यक कार्यों को जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है।


पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ


समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए। सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।


निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन करें अधिकारी


जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा कर योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए