फ्लाइट बुकिंग के नाम पर हुई थी ठगी; को0 कटरा साइबर सेल टीम की तत्परता से खाते में लौटी पूरी रकम
(तौसीफ अहमद)मीरजापुर, । डिजिटल इंडिया के दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच मीरजापुर पुलिस ने एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। थाना को0 कटरा की साइबर सेल टीम ने फ्लाइट बुकिंग के नाम पर हुई ₹21,060 की ठगी की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराने में सफलता प्राप्त की है।
क्या था मामला?
रतनगंज (थाना को0 कटरा) निवासी अखिलेश दुबे ने पुलिस को शिकायत दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फ्लाइट बुकिंग के बहाने यूपीआई (UPI) के माध्यम से उनके खाते से ₹21,060 पार कर दिए थे। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर सेल से मदद की गुहार लगाई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में को0 कटरा साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने तत्काल NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक और संबंधित मर्चेंट से निरंतर समन्वय स्थापित कर साइबर सेल ने ठगी गई पूरी रकम 21,060 को पीड़ित के खाते में वापस (रिफंड) करवा दिया। अपने डूबे हुए पैसे वापस पाकर अखिलेश दुबे ने थाने पहुंचकर पुलिस उच्चाधिकारियों और को0 कटरा साइबर सेल टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस दौरान पुलिस टीम ने उन्हें साइबर जागरूकता अभियान के तहत भविष्य में होने वाली ऐसी ठगी से बचने के तरीके भी सिखाए।
साइबर सेल टीम की भूमिका:
इस सराहनीय कार्य में को0 कटरा थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह, साइबर सेल प्रभारी कृष्णकांत त्रिपाठी और आरक्षी इरफान अंसारी की मुख्य भूमिका रही। सावधान रहें: किसी भी अज्ञात व्यक्ति को यूपीआई पिन या ओटीपी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर सेल को सूचित करें।

