मिशन शक्ति 5.0: बेटियों की सुरक्षा के लिए मैदान में उतरी सोनभद्र पुलिस, गांव-गांव पहुंचा जागरूकता अभियान

महिलाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकार और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी, छात्राओं को बताया—चुप्पी नहीं, शिकायत ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी


सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर हजारों महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों को सुरक्षा, कानून और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के आसान तरीके, महिला सुरक्षा कानून, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लैंगिक समानता, महिला सम्मान और साइबर अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं से कहा गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या धमकी को नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल पुलिस और हेल्पलाइन से संपर्क करें।
पुलिस अधिकारियों ने बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए लोगों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं को हेल्पलाइन सेवाओं की उपयोगिता बताते हुए हर परिस्थिति में निर्भीक होकर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना है, जहां हर बेटी बिना भय के शिक्षा, रोजगार और अपने सपनों की उड़ान भर सके।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन 112 – आपातकालीन सेवा, 1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन संदेश “नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।”

ये भी पढ़िए