मिशन शक्ति 5.0: सोनभद्र पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण के तहत जनपद पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूल, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला बीट आरक्षियों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे बाल विवाह, लिंगानुपात में असमानता और लैंगिक शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की। छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में बताते हुए आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए। साथ ही, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और विधिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।
साइबर अपराधों से बचने की दी गई सलाह


वर्तमान में बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को देखते हुए पुलिस ने विशेष रूप से साइबर जागरूकता पर जोर दिया। महिलाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनचाहे लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी (OTP) साझा न करने की सख्त हिदायत दी गई। बैंकिंग धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।


इमर्जेंसी में डायल करें ये नंबर


पुलिस ने अभियान के दौरान आपातकालीन सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर बल दिया, ताकि संकट के समय महिलाएं बिना डरे सहायता प्राप्त कर सकें: 112: आपातकालीन सेवा, 1090/1091: महिला पावर लाइन, 181: महिला हेल्पलाइन, 1930: साइबर हेल्प डेस्क
1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

ये भी पढ़िए