सोनभद्र: बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, करंट की चपेट में आने से मां और दो मासूम बच्चे झुलसे, हालत गंभीर

सोनभद्र (न्यूज डेस्क): जनपद के कोन थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया है। ग्राम सभा ससनई में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मासूम बच्चे और उनकी मां बुरी तरह झुलस गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।


खेलते समय हुआ हादसा


जानकारी के मुताबिक, ससनई गांव में घर के पास लगे बिजली के खंभे के समीप दो मासूम बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में बच्चे आ गए। बच्चों को तड़पता देख उनकी मां उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में मां और दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।


वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर


हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को मलबे से निकाला और तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने तीनों की स्थिति अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर (BHU) के लिए रेफर कर दिया है।


बिजली विभाग पर उठ रहे सवाल


ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को जर्जर तारों और खंभों की शिकायत पहले भी दी गई थी, लेकिन विभाग की सुस्ती और लापरवाही का खामियाजा आज एक ही परिवार के तीन सदस्यों को भुगतना पड़ रहा है। वर्तमान में घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

ये भी पढ़िए