हत्या का खुलासा: महिला की हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, आलाकत्ल गमछा बरामद

सोनभद्र। बीजपुर थाना पुलिस ने महिला हत्या के सनसनीखेज मामले का सफल अनावरण करते हुए हत्या के अभियोग में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल गमछा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश राय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यह सफलता प्राप्त हुई।
पुलिस के अनुसार, वादी विनोद कुमार पुत्र रामाश्रय गौड़ निवासी छानी पाथर काचन, थाना म्योरपुर ने अपनी पत्नी पार्वती देवी के 10 मई 2026 से लापता होने की सूचना दी थी। महिला घर से म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस संबंध में थाना म्योरपुर में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
बाद में 30 मई 2026 को थाना बीजपुर क्षेत्र के मोटकी मुकुट पहाड़ी, धरतीडाड़ में एक कंकाल मिलने की सूचना मिली। परिजनों द्वारा उसकी पहचान पार्वती देवी के रूप में की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना बीजपुर में मुकदमा संख्या 67/2026, धारा 103(1) एवं 238(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को जरहाँ मंदिर मोड़ से अभियुक्त सुरेश पुत्र मानिकचन्द्र (23 वर्ष), निवासी ग्राम सिसवा झापर, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मटमैला-सफेद गमछा बरामद किया गया।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल भानुप्रताप यादव, कांस्टेबल राहुल गोड़ एवं रिक्रूट कांस्टेबल साहिल श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सोनभद्र पुलिस ने कहा है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

ये भी पढ़िए