(मदन मोहन)चंदौली। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने कड़े तेवर स्पष्ट कर दिए हैं। पदभार संभालते ही पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में केवल “कानून का राज” चलेगा और गुंडे-बदमाशों व मनबढ़ों के लिए कोई जगह नहीं होगी।
अपराधियों पर ‘गैंगेस्टर’ का प्रहार
SP आकाश पटेल ने अपनी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि पेशेवर अपराधियों और भू-माफियाओं की सूची को तत्काल अपडेट किया जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि:
चिह्नित अपराधियों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सिंडिकेट को तोड़ा जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
थानों से ‘दलाली’ का होगा खात्मा
पुलिसिंग को पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए SP ने कहा कि थानों पर आने वाले हर फरियादी की बात सम्मानपूर्वक सुनी जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि “थानों पर दलाली की प्रथा को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। यदि किसी पीड़ित की सुनवाई नहीं होती है, तो वह सीधे मुझसे संपर्क कर सकता है।
स्मार्ट पुलिसिंग और जन-संवाद
कानून-व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ और ‘सीसीटीवी सर्विलांस’ का दायरा बढ़ाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में विश्वास बहाली के लिए ‘बीट पुलिसिंग’ को सक्रिय किया जाएगा, जहाँ पुलिस अधिकारी सीधे जनता के बीच जाकर उनसे संवाद करेंगे।
मीडिया के साथ बेहतर समन्वय की पहल
पत्रकारों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि किसी भी घटना की सटीक जानकारी और आधिकारिक ‘बाइट’ विभाग द्वारा जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक सूचनाओं से खबरों की सत्यता बनी रहती है और एकपक्षीय खबरों पर रोक लगती है। उपस्थिति इस प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनंत चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा सहित जनपद के बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

