(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। थाना ओबरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात कराने तथा एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार सुबह शारदा मंदिर, ओबरा के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी सुनील कुमार मौर्या से पहचान हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। गर्भधारण होने पर वह पीड़िता को नोएडा ले गया, जहां विवाह का आश्वासन देकर गर्भपात के लिए दबाव बनाया और उसकी जानकारी के बिना दवा देकर निजी अस्पताल में गर्भपात करा दिया। बाद में विवाह की बात करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने कथित रूप से मारपीट, अभद्रता तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
पीड़िता की तहरीर पर थाना ओबरा में मु.अ.सं. 132/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह करीब 6:10 बजे शारदा मंदिर के पास से आरोपी सुनील कुमार मौर्या (24 वर्ष), निवासी ग्राम परही (मधुपुर), थाना रॉबर्ट्सगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

