(राहुल गुप्ता)चुनार,मिर्जापुर।नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म जैसे संगीन अपराध में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार चुनार पुलिस ने दबोच लिया। करीब 100 दिन से पुलिस को चकमा दे रहा अभियुक्त फनलैंड वाटर पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि 23 दिसंबर 2025 को पीड़िता के भाई ने थाना चुनार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया। इतना ही नहीं, आरोपी के परिजनों ने विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर टीम गठित की गई और पहले ही अपहृत नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया था।
इसके बाद से ही आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को आज बड़ी सफलता हाथ लगी। उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर चतुर्भुजपुर मोड़ स्थित फनलैंड वाटर पार्क के पास घेराबंदी कर आरोपी विशाल चौहान को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

