(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित पुलिस कार्यालय में जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ मासिक समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं कानून-व्यवस्था संबंधी विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
गोष्ठी के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर अंकुश, जनसुनवाई व्यवस्था तथा पुलिसिंग से जुड़े सुझाव पुलिस प्रशासन के समक्ष रखे। पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं और जनता के सुझावों को समय-समय पर पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
बैठक में सांसद छोटेलाल खरवार, सदर विधायक भूपेश चौबे तथा घोरावल विधायक के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

