दुद्धी (सोनभद्र)। ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के बीच जनपद सोनभद्र की दुद्धी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित की गाढ़ी कमाई के पैसे वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को ₹11,700/- की राशि वापस मिल गई है।
कम दाम में वाहन दिलाने का दिया था झांसा
जानकारी के अनुसार, थाना दुद्धी क्षेत्र के ग्राम करचा टोला निवासी दिनेश कुमार पुत्र सत्यनारायण के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने वाहन कम दाम में बेचने का लालच देकर कुल ₹44,975/- की ठगी की थी। पीड़ित ने इस धोखाधड़ी की शिकायत NCRP (नेशनल साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज कराई थी।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही और रिकवरी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना दुद्धी की साइबर टीम ने तत्काल साक्ष्य संकलित किए। टीम ने संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई धनराशि को फ्रिज (होल्ड) करा दिया। विधिक प्रक्रिया और माननीय न्यायालय के आदेश के बाद, होल्ड की गई राशि में से ₹11,700/- सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। शेष धनराशि की प्रक्रिया जारी है।
सावधानी बरतने की अपील
क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के प्रलोभन में न आएं और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम: इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, उ0नि0 रामसजीवन, कांस्टेबल मन्तोष कुमार और महिला कांस्टेबल संध्या यादव की मुख्य भूमिका रही।

