सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित

सोनभद्र। खरीफ फसलों की तैयारी एवं किसानों को समय से सिंचाई जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद की नहरों, जलाशयों तथा सिंचाई परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

किसानों को समय से मिले सिंचाई जल : जिलाधिकारी

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों एवं सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को निर्धारित समय पर जल उपलब्ध कराया जाए, जिससे कृषक अपनी फसलों की बुवाई एवं खेती संबंधी कार्य समय से प्रारम्भ कर सकें। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जल आपूर्ति की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही नहरों के संचालन, जल वितरण एवं रखरखाव से संबंधित संभावित समस्याओं का समय रहते निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

20 जून एवं 7 जुलाई से प्रारम्भ होगी जलापूर्ति

बैठक में अधिशासी अभियंता श्री रूपेश कुमार ने अवगत कराया कि सोनपुर कैनाल से सिंचाई हेतु जलापूर्ति 20 जून 2026 से प्रारम्भ की जाएगी। वहीं मिर्जापुर कर्मनाशा नहर प्रखंड के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित नहर प्रणाली से जलापूर्ति 7 जुलाई 2026 से शुरू की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री बागेश्वर कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओबरा श्री रूपेश कुमार, अधिशासी अभियंता श्री प्रमोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए