सीएम डैशबोर्ड के जरिए विकास कार्यों की समीक्षा, धीमी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को तय समयसीमा में शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों की निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिन विभागों की परियोजनाओं की प्रगति धीमी पाई गई, उनके अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने तथा समय से हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले संकेतकों में तत्काल सुधार कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए