(शब्रोज मलिक)बांदीपोरा,। आगामी अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बांदीपोरा पुलिस ने सीआरपीएफ और एसएसबी के साथ मिलकर शादीपोरा कैंप में संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना था। इस दौरान कई तरह की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर सुरक्षा बलों की तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र को परखा गया।

मॉक ड्रिल में रैपिड रिस्पॉन्स, क्षेत्र नियंत्रण, काफिले की सुरक्षा, आपातकालीन निकासी (इवैक्यूएशन) और विभिन्न बलों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया। सुरक्षा बलों के जवानों ने सभी परिस्थितियों का सफलतापूर्वक सामना करते हुए उच्च स्तर की सतर्कता और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया। ड्रिल की निगरानी बांदीपोरा पुलिस, सीआरपीएफ और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने की। अधिकारियों ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। अधिकारियों के अनुसार यह संयुक्त अभ्यास यात्रा के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के लिए सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में चल रहे प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराया।


