जीत कुने-डो एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष बने, खेल के विस्तार और प्रतिभाओं को निखारने की संभालेंगे जिम्मेदारी
दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र। उत्तर प्रदेश जीत कुने-डो एसोसिएशन ने संगठन के विस्तार और खेल को बढ़ावा देने के लिए शैलेंद्र कुमार मिश्रा को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। एसोसिएशन के महासचिव मुकेश मिश्रा ने उन्हें नियुक्ति पत्र जारी कर यह जिम्मेदारी सौंपी।
शैलेंद्र कुमार मिश्रा को प्रदेश में जीत कुने-डो खेल के प्रचार-प्रसार, खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने, नई प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। उनका कार्यकाल एक वर्ष का होगा, जिसे कार्यों एवं उपलब्धियों के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश में जीत कुने-डो को नई पहचान मिलेगी तथा युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे।
नियुक्ति पर खेल जगत, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने प्रसन्नता जताते हुए शैलेंद्र कुमार मिश्रा को बधाई दी। वहीं, नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष ने एसोसिएशन के नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाएंगे। उनका लक्ष्य प्रदेश के अधिक से अधिक जिलों में जीत कुने-डो को पहुंचाना और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराना है।

