चोपन (सोनभद्र) सोनभद्र पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। चोपन थाना पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने की फिराक में घूम रहे एक युवक को अवैध असलहे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, थाना चोपन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहा अभियुक्त दीपक कुमार पासवान, किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के इरादे से अवैध हथियार लेकर नौटोलिया क्षेत्र स्थित ‘भारत ह्यूम पाइप’ प्लांट के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर दबोचा आरोपी
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दीपक कुमार पासवान (निवासी ग्राम रोगही, थाना कोन) के रूप में बताई है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
आरोपी पर इससे पहले भी थाना पिपरी में मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला (मु0अ0सं0 203/2026) दर्ज है। अब पुलिस ने उसके खिलाफ थाना चोपन में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत नया मुकदमा (मु0अ0सं0 211/2026) दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
गिरफ्तारी टीम में ये रहे शामिल
आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के साथ उप-निरीक्षक विनोद कुमार यादव और कांस्टेबल सच्चिदानंद मिश्रा व आकाश उपाध्याय की सराहनीय भूमिका रही।

