सोनभद्र : बेटे के डंडे के वार से पिता की मौत, मामला घरेलू विवाद का आरोपी पुत्र हिरासत में

(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी सोनभद्र तहसील क्षेत्र के विन्ढमगंज थाना अन्तर्गत ग्राम पकरी में सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे घरेलू विवाद एक परिवार के लिए काल बन गया। सोनू पुत्र श्रीनाथ और उसके पिता श्रीनाथ पुत्र भृगुण के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है सोनू ने डंडे से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विन्ढमगंज ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। वहीं घटना के आरोपी पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

ये भी पढ़िए