कोन (सोनभद्र): जनपद में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को भारी मात्रा में अवैध गांजे और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चौमास पहाड़ी (ग्राम बागेसोती) के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने नूर मुहम्मद (28 वर्ष) पुत्र जलील अहमद, निवासी ग्राम गिधिया को दबोच लिया। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक बोरी में छिपाकर रखा गया 3 किलो 110 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
फर्जी नंबर प्लेट का खेल:
हैरानी की बात यह है कि अभियुक्त जिस स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का उपयोग कर रहा था, उस पर फर्जी नंबर प्लेट (CG16AH1415) लगी थी, जबकि जांच में वाहन का वास्तविक नंबर UP64AZ6401 पाया गया। पुलिस ने बाइक के साथ एक मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
शातिर अपराधी है नूर मुहम्मद:
पकड़ा गया अभियुक्त नूर मुहम्मद थाना कोन का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट, चोरी और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर प्रकृति के चार मुकदमे दर्ज हैं। ताजा मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: इस सफल कार्यवाही का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने किया। टीम में वरिष्ठ उप-निरीक्षक राकेश राय, चौकी प्रभारी (बागेसोती) वीरेन्द्र वर्मा, मुख्य आरक्षी रामप्रवेश कुशवाहा, विनय यादव, इन्द्रबली राय और आरक्षी मन्टू सिंह व अशोक कुमार यादव शामिल रहे।

