महिलाओं-बालिकाओं को अधिकारों, आत्मरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी, साइबर ठगी से बचाव के भी बताए उपाय
सोनभद्र,। “नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान” के संदेश के साथ सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक अभियान छेड़ दिया है। मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की सहायता एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देना है।
बालिकाओं को सिखाया गुड टच-बैड टच
जागरूकता कार्यक्रमों में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके और महिला उत्पीड़न की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में बताया गया। पुलिस टीमों ने महिला अपराध से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न होने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता
अभियान में लैंगिक समानता, लिंगानुपात, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने समाज के सभी वर्गों से महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान एवं सुरक्षा में सहयोग की अपील की।
साइबर ठगी से बचने का दिया मंत्र
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने लोगों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सावधान रहने की सलाह दी। लोगों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
पुलिस ने बताए जरूरी हेल्पलाइन नंबर
112 – आपातकालीन सेवा, 1090/1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन,c1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस का यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद लेने का भरोसा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।

