सोनभद्र पुलिस का ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ एक्शन, 3 ट्रक सीज और 30 वाहनों पर लगा जुर्माना

लोढ़ी टोल प्लाजा के पास चला सघन चेकिंग अभियान, यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कसा शिकंजा

सोनभद्र। जनपद में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सोनभद्र पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को यातायात पुलिस ने ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।

दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी के नेतृत्व में लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर शनिवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात निरीक्षक (TI), उपनिरीक्षक (TSI) और रॉबर्ट्सगंज सीसी टीम ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की।

नशे में मिले ट्रक चालक, गाड़ियां सीज

चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 03 ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया। वहीं, दो अन्य वाहनों का नियम उल्लंघन में चालान किया गया। इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले **30 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

चालकों को दी गई सुरक्षा की नसीहत

कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी है। निर्धारित गति सीमा का पालन करें। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कतई न करें। “जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए