एसपी अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में पुलिस लाइन से लेकर सभी थानों, चौकियों व कार्यालयों में चला वृहद वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में सोनभद्र पुलिस ने रविवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पूरे जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में पुलिस लाइन चुर्क सहित सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों और कार्यालयों में हजारों छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे रोपे गए। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।
पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय तथा प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और मानव जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मातृत्व के सम्मान के साथ प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश देता है।
एसपी के निर्देश पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया। अभियान के दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की गई। सोनभद्र पुलिस का संदेश है— “आज लगाया गया एक पौधा, आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।”

